राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती दिल्ली प्रांत के सेवा शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सरस्वती बाल मंदिर, राजौरी गार्डन द्वारा “माता रेवतीबाई संस्कार केंद्र” का शुभारंभ मंगलवार को नरेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट, चौपाल, टी.सी. कैंप के पास, श्याम नगर, दिल्ली में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस संस्कार केंद्र का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की पूज्य माताजी रेवतीबाई के सम्मान में रखा गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह श्री अनिल गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री विनय गुप्ता जी (संयोजक, कुटुंब प्रबोधन गतिविधि, दिल्ली प्रांत) एवं श्री पुरुषोत्तम जी (अध्यक्ष, नरेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री अनिल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि “संस्कार केंद्र बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता से भी जोड़ने का कार्य करेंगे।” उन्होंने ‘ॐ’ के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कारित बालक ही सशक्त समाज और समर्थ राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने बताया कि वे भी विद्या भारती के पूर्व छात्र रहे हैं तथा अपने छात्र जीवन के प्रेरक अनुभव उपस्थित जनों के साथ साझा किए।

प्रांत संयोजक श्री नरेंद्र दत्त ने बताया कि यह सरस्वती बाल मंदिर, राजौरी गार्डन का छठा, पश्चिमी विभाग का 29वाँ तथा विद्या भारती दिल्ली प्रांत का 122वाँ संस्कार केंद्र है। उन्होंने कहा कि इन संस्कार केंद्रों के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं श्रेष्ठ जीवन-मूल्यों का विकास किया जाता है। इस अवसर पर बाल पुस्तकालय एवं स्वाध्याय योजना का शुभारंभ भी किया गया तथा विद्यार्थियों को आकर्षक उपहार वितरित किए गए।
समारोह में संस्कार केंद्र के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, संस्कार गीत एवं कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर श्रीमती गीता आहूजा (क्षेत्रीय सेवा प्रभारी एवं विभाग अध्यक्षा), श्री विनोद शर्मा (प्रांत सेवा शिक्षा प्रमुख), डॉ. शैलेश भारद्वाज (प्रांत प्रचार प्रमुख) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रांत सेवा शिक्षा प्रभारी श्री ओमशरण श्रीवास्तव ने किया। राष्ट्रीय गीत के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री विजय कुमार गुप्ता (पश्चिमी विभाग मंत्री), श्रीमती गरिमा गुप्ता (सदस्या, विभाग सेवा शिक्षा समिति), सरस्वती बाल मंदिर, राजौरी गार्डन के प्रबंधक श्री दिनेश अग्रवाल, प्रधानाचार्या श्रीमती बेला मिश्रा एवं उपप्रधानाचार्य श्री बिनोद चौधरी का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
जारीकर्ता:
डॉ. शैलेश भारद्वाज
प्रांत प्रचार प्रमुख
विद्या भारती, दिल्ली प्रांत
